पोटका डायन के शक में महिला की हत्या का खुलासा
पोटका कलिकापुर पंचायत के हड़पाघुटु के पास 62 वर्षीय वृद्ध महिला
सुभाषिनी नायक की गला रेतकर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया
है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी राजू पुराण को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में
भेज दिया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए मुसाबनी डीएसपी संदीप भकत के नेतृत्व
में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो के नेतृत्व
में पुलिस लगातार मामले की जांच कर रही थी। इस बीच मृतका के परिजन कुंजो नायक
द्वारा पोटका थाना में हत्या का मामला दर्ज कराया गया था।जांच के दौरान पुलिस ने
संदेह के आधार पर राजू पुराण को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना
अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कटारी भी बरामद कर
ली गई।आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गुजरात में मजदूरी करता था। इस दौरान उसके
बड़े भाई द्वारा मां की बीमारी की सूचना दी जाती थी। उसे भ्रम होने लगा था कि
सुभाषिनी नायक के कारण ही उसके परिवार पर संकट आ रहा है और वह सपने में आकर परिवार
को नुकसान पहुंचाने की बात कहती हैं। इसी अंधविश्वास के कारण उसने हत्या की योजना
बनाई।बताया गया कि होली के दिन सुभाषिनी नायक जंगल से पत्ता और दातुन तोड़कर
कलिकापुर बाजार बेचने जा रही थीं। रास्ते में उन्हें अकेला देखकर आरोपी अपने घर
गया और कटारी लेकर उनका पीछा किया। हड़पाघुटु के पास खेत के रास्ते बाजार जाते समय
उसने पीछे से धक्का देकर उन्हें गिरा दिया और कटारी से गले पर चार बार वार कर उनकी
हत्या कर दी।घटना के बाद साक्ष्य छुपाने के लिए आरोपी ने कटारी को बहड़ाघुटु नदी
में फेंक दिया था।मामले का खुलासा करते हुए थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो ने बताया कि
आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है और उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद कर
लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।














