गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बनियाडीह कोपा गांव में तेज रफ्तार बाराती गाड़ी ने कहर बरपा दिया। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज जारी है।घायलों की पहचान लीला देवी, विमला देवी और शंकर दास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों डांडीडीह से कोपा गांव एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे।जानकारी के अनुसार, रातभर शादी में शामिल रहने के बाद सुबह के समय तीनों घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाराती गाड़ी अनियंत्रित होकर आई और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों लोग दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हालांकि स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी का पीछा किया और कुछ दूरी पर पकड़ लिया। इसके बाद चालक को पुलिस के हवाले कर दिया गया।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।