लोहरदगा सदर अस्पताल में कथित चिकित्सीय लापरवाही का मामला सामने आया है जहां 40 वर्षीय नईम खान की मौत के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मृतक की पहचान पावर गंज निवासी नईम खान पिता कलीमुद्दीन उर्फ कल्लू के रूप में हुई है।परिजनों का आरोप है कि नईम खान को समय पर समुचित इलाज नहीं मिला और अस्पताल में लापरवाही बरती गई। उनका कहना है कि यदि समय पर सही उपचार मिलता तो उनकी जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में विरोध प्रदर्शन करते हुए ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों और कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।यह मामला इसलिए भी गंभीर हो गया है क्योंकि एक दिन पहले ही उपायुक्त द्वारा सदर अस्पताल का निरीक्षण किया गया था इसके बावजूद अगले ही दिन ऐसी घटना सामने आना अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।परिजनों ने प्रशासन के समक्ष कई मांगें रखीं, जिनमें मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था और परिवार को आवास उपलब्ध कराने की मांग शामिल है। नईम खान अपने पीछे छह बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं, जिससे परिवार पर संकट और गहरा गया है।घटना की सूचना मिलते ही नगर परिषद उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर, वार्ड पार्षद साजिद समेत अन्य जनप्रतिनिधि, मजिस्ट्रेट और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को शांत कराया और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।