हजारीबाग गर्मी के मौसम में तरबूज जहां लोगों के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माना जाता है वहीं यह किसानों के लिए भी लाभकारी फसल बनता जा रहा है। हजारीबाग जिले में अब स्थानीय किसान बड़े पैमाने पर तरबूज की खेती कर अच्छी कमाई कर रहे हैं।पहले हजारीबाग के बाजारों में बाहर से तरबूज मंगाए जाते थे लेकिन अब स्थानीय किसान ही बाजार की जरूरत पूरी कर रहे हैं।कटकमदाग प्रखंड के सुल्ताना गांव निवासी किसान संतोष कुमार कई एकड़ जमीन पर तरबूज की खेती कर रहे हैं। इससे उन्हें अच्छी आमदनी हो रही है और स्थानीय बाजार में ताजा तरबूज उपलब्ध कराया जा रहा है।किसान संतोष कुमार ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से तरबूज की खेती कर रहे हैं। जमीन की उर्वरा शक्ति बढ़ाकर आधुनिक तरीके से खेती की जा रही है जिससे इस बार अच्छी पैदावार हुई है।उन्होंने बताया कि फिलहाल बाजार में तरबूज का अच्छा दाम मिल रहा है और जैसे जैसे गर्मी बढ़ेगी इसकी मांग और कीमत दोनों में और वृद्धि होने की संभावना है।स्थानीय स्तर पर खेती होने से किसानों को मुनाफा मिल रहा है और बाजार में भी लोगों को ताजा फल आसानी से उपलब्ध हो रहा है।