पलामू छत्तरपुर में पनशाला शुरू
पलामू जिले के
छत्तरपुर क्षेत्र में बढ़ती भीषण गर्मी के बीच आम लोगों को राहत पहुंचाने के
उद्देश्य से उदयगढ़ मोड़ पर पनशाला प्याऊ की शुरुआत की गई। नगर पंचायत सीमा
अंतर्गत इस स्थान पर अब तक ठंडे पानी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं थी जिससे राहगीरों और
स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।युवा जन जागृति संघ कउवल की
पहल पर 28 अप्रैल को स्थानीय
मुखिया राजेश्वर राम, समाजसेवी
एवं विश्वकर्मा समाज के अध्यक्ष योगेंद्र विश्वकर्मा सहित अन्य ग्रामीणों की
उपस्थिति में पनशाला का उद्घाटन किया गया। इस दौरान राहगीरों को गुड़ खिलाकर और
घड़े का शीतल जल पिलाकर सेवा की शुरुआत की गई।कार्यक्रम के दौरान मुखिया ने कहा कि
उदयगढ़ मोड़ पर बड़ी संख्या में यात्री धूप में खड़े होकर वाहनों का इंतजार करते
हैं लेकिन
पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी। ऐसे में यह प्याऊ आमजनों खासकर गरीब और दूर दराज से आने वाले लोगों के लिए काफी
मददगार साबित होगा।उन्होंने कहा कि जहां सक्षम लोग बोतलबंद पानी खरीद लेते हैं वहीं गरीब तबके के
लोग इस सुविधा से वंचित रह जाते हैं। ऐसे लोगों को ध्यान में रखते हुए इस पनशाला
की शुरुआत की गई है, ताकि
हर जरूरतमंद को ठंडा पानी मिल सके।इस अवसर पर संघ के सचिव मनोज ठाकुर, उपाध्यक्ष कामेश्वर ठाकुर धर्मेंद्र प्रजापति,
भोला यादव रंजन यादव, योगेश्वर ठाकुरनारायण प्रजापति सहित कई
लोग उपस्थित रहे।भीषण गर्मी के इस दौर में इस तरह की पहल न सिर्फ लोगों को राहत दे
रही है बल्कि
समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत कर रही है।














