पोटका चोरी की बाइक के साथ दो संदिग्ध पकड़ाए
पोटका कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर में सोमवार को ग्रामीणों ने
बाइक चोरी के संदेह में दो युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा
है कि दोनों युवक चोरी की बाइक लेकर जा रहे थे जिन्हें स्थानीय
लोगों की मदद से पकड़ लिया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार तेंतला निवासी अनिल
सरदार की होंडा स्प्लेंडर बाइक शनिवार को हल्दीपोखर साप्ताहिक हाट से चोरी हो गई
थी। इस संबंध में अनिल सरदार ने कोवाली थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।सोमवार
को अपनी चोरी हुई बाइक की तलाश में अनिल सरदार अपने दोस्तों के साथ हल्दीपोखर
पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक बाइक पर पड़ी,
जिसकी पहचान उन्होंने अपनी चोरी हुई
बाइक के रूप में की। हालांकि बाइक में नंबर प्लेट बदल दी गई थी और दो युवक उसे
लेकर जा रहे थे।अनिल सरदार और उनके दोस्तों ने बाइक को रोककर दोनों युवकों से
पूछताछ की और कागजात दिखाने को कहा। इसी दौरान मौका देखकर दोनों युवक बाइक छोड़कर
भागने लगे। इसके बाद अनिल सरदार के दोस्तों और स्थानीय ग्रामीणों ने पीछा कर दोनों
को पकड़ लिया और उनकी जमकर धुनाई कर दी।इसके बाद ग्रामीणों ने बाइक सहित दोनों
युवकों को हल्दीपोखर टीओपी के हवाले कर दिया जहां से उन्हें
कोवाली थाना भेज दिया गया। पकड़े गए युवकों में से एक ने अपना नाम कौशिक गोप गांव
जुड़ी बताया है।मामले को लेकर थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने बताया कि शनिवार को
बाइक चोरी की शिकायत दर्ज की गई थी। सोमवार को अनिल सरदार और ग्रामीणों द्वारा दो
युवकों को बाइक चोरी के संदेह में पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया है। फिलहाल
दोनों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।स्थानीय लोगों को उम्मीद
है कि इन संदिग्धों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय बाइक चोर गिरोह और अन्य
चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।















