जामताड़ा कोर्ट को ड्रोन बम से उड़ाने की धमकी
जामताड़ा जिला न्यायालय परिसर में उस
समय हड़कंप मच गया जब कोर्ट को ड्रोन बम से उड़ाने की धमकी वाला एक ईमेल प्राप्त
हुआ। बताया जा रहा है कि यह धमकी कथित तौर पर तमिलनाडु के एक संगठन के नाम से भेजी
गई है। ईमेल मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट हो गया और कोर्ट
परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस ने सिविल कोर्ट
परिसर की घेराबंदी कर दी और पूरे इलाके में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई।
कोर्ट परिसर के चप्पे चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए
हैं और कोर्ट आने जाने वाले लोगों की सघन जांच की जा रही है।मुख्य न्यायिक
दंडाधिकारी सीजेएम नीतीश कुमार सांगा ने स्वयं कोर्ट परिसर और अधिवक्ता भवन का
निरीक्षण किया। इस दौरान हेडक्वार्टर डीएसपी संजय कुमार सिंह और जामताड़ा थाना
प्रभारी मनोज कुमार महतो भी दलबल के साथ मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूरे
परिसर का जायजा लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।मामले की गंभीरता को देखते
हुए डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने कोर्ट परिसर के सभी कमरों गलियारों और संदिग्ध स्थानों की गहन तलाशी ली। हालांकि तलाशी
के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई
लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस लगातार
निगरानी बनाए हुए है।पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि धमकी भरे ईमेल के
स्रोत की तकनीकी जांच की जा रही है। साइबर सेल की मदद से यह पता लगाने का प्रयास
किया जा रहा है कि ईमेल कहां से और किसने भेजा है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है लेकिन प्रशासन किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतना चाहता।
कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सख्त कर दी गई है।















