गोड्डा महगामा नगर पंचायत के नव निर्वाचित अध्यक्ष प्रबोध सोरेन ने मंगलवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण समारोह में स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे।समारोह के दौरान निर्धारित प्रक्रिया के तहत उन्हें पद की शपथ दिलाई गई। शपथ लेने के बाद अध्यक्ष प्रबोध सोरेन ने नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास के लिए काम करने की प्रतिबद्धता जताई।उन्होंने कहा कि महगामा नगर पंचायत में सड़क साफ सफाई पेयजल प्रकाश व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।प्रबोध सोरेन ने नगर पंचायत क्षेत्र के नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने जो भरोसा उन पर जताया है उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सभी वार्ड पार्षदों और प्रशासन के सहयोग से क्षेत्र के विकास को गति दी जाएगी।शपथ ग्रहण के मौके पर मौजूद लोगों ने नव निर्वाचित अध्यक्ष को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। समारोह के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया।