देवघर जिले के पालोजोरी प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में शुक्रवार को पंचायत सहायकों एवं पंचायत सचिवों के लिए चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के सभी पंचायत सहायकों और पंचायत सचिवों ने भाग लेकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर पर संचालित सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना तथा विकास कार्यों में तेजी लाना है। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों द्वारा योजनाओं के संचालन, अभिलेख संधारण पारदर्शिता समयबद्ध निष्पादन एवं लाभुकों तक योजनाओं की सही पहुँच सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत जानकारी दी जा रही है।प्रशिक्षकों ने पंचायत सहायकों और पंचायत सचिवों को निर्देश दिया कि वे अपने अपने पंचायतों में विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू करें और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतें। इसके साथ ही ग्रामीण स्तर पर समस्याओं की पहचान कर उनके त्वरित समाधान विकास की गति को और तेज करने तथा सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ आमजन तक पहुँचाने पर विशेष बल दिया गया।चार दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं पर सत्र आयोजित किए जाएंगे ताकि पंचायत प्रतिनिधि और कर्मी अधिक दक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।इस अवसर पर जिला समन्वयक सह मास्टर ट्रेनर कोमल निशा ने कहा कि पंचायत सहायकों को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने बिचौलियों की भूमिका को पूरी तरह समाप्त कर ग्रामीणों को सीधे योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया, जिससे विकास की प्रक्रिया और अधिक सुगम हो सके।प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर श्रीराम तिवारी मास्टर ट्रेनर अनुज निरंजन सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।