पोटका प्रखंड में स्कूली बच्चों का जंगल से रिश्ता मजबूत करने और जंगल में मिलने वाली जड़ी बूटी साग सब्जी  कंदमूल  फल फूल के आजीविका में उपयोग को समझाने के उद्देश्य से पर्यावरण चेतना केंद्र बड़ा सिगदी की ओर से सोमवार को एक सराहनीय पहल की गई। इस क्रम में क्षेत्र के पांच सरकारी स्कूलों के बच्चों को प्रखंड क्षेत्र के नूतनडीह गांव स्थित रांगा पहाड़ जंगल का परिभ्रमण कराया गया।इस जंगल परिभ्रमण का नेतृत्व पर्यावरण चेतना केंद्र के निर्देशक सिद्धेश्वर सरदार ने किया। परिभ्रमण के दौरान बच्चों को जंगल में पाए जाने वाले विभिन्न प्रकार के पेड़ पौधों  वन सामग्री साग सब्जी  लता पत्ता  कंदमूल एवं फल फूल की पहचान कराई गई तथा उनकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों ने प्रकृति के बीच रहकर जंगल के महत्व और पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता को नजदीक से समझा।इस अवसर पर पर्यावरण चेतना केंद्र के निर्देशक सिद्धेश्वर सरदार ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को जंगल से जोड़ना है ताकि वे प्रकृति और पर्यावरण के महत्व को समझ सकें। उन्होंने कहा कि जंगल में मिलने वाले प्राकृतिक संसाधन न केवल आजीविका का साधन हैं बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम में बसंती सरदार और जोबा टुडू ने भी बच्चों को जंगल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। बच्चों में इस परिभ्रमण को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।