साहेबगंज जिले में नगर निकाय आम चुनाव 2026 को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह सात बजे से ही मतदाता अपने अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाता खासे उत्साहित नजर आए और उन्होंने लोकतंत्र के इस पर्व में भाग लेने पर खुशी जाहिर की।वहीं कुछ बुजुर्ग मतदाताओं ने साहेबगंज के अपेक्षित विकास न हो पाने को लेकर निराशा भी व्यक्त की। उल्लेखनीय है कि नगर निकाय चुनाव तय कार्यकाल से करीब तीन वर्ष की देरी से हो रहे हैं इसके बावजूद युवा महिला और पुरुष मतदाता बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने पोलिंग बूथों पर पहुंचे।नगर परिषद साहेबगंज राजमहल नगर परिषद और बरहरवा नगर पंचायत की सरकार चुनने के लिए मतदाता सुबह से ही कतारबद्ध होकर मतदान करते नजर आए। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए उपायुक्त प्रेक्षक और पुलिस अधीक्षक लगातार मतदान केंद्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहे।इस दौरान उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि जिले में विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अधिक से अधिक लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करेंगे।वहीं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने गंगा पंप नहर कार्यालय परिसर स्थित पोलिंग बूथ संख्या 21/2 में स्वयं मतदान करने के बाद लोगों से अपील की कि वे अवश्य मतदान करें। उन्होंने कहा कि मतदान से लोकतंत्र मजबूत होता है आप मजबूत होते हैं और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलती है।