हजारीबाग शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल वूमेनस कॉलेज हजारीबाग एवं गुरु गोविंद सिंह पार्क के समीप चल रहे निर्माण कार्य के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर निर्माण सामग्री के बेतरतीब ढंग से पड़े रहने और कार्य की धीमी गति के कारण क्षेत्र में लगातार जाम की स्थिति बनी हुई है।स्थानीय नागरिकों द्वारा इस समस्या की शिकायत किए जाने के बाद सदर अनुमंडल पदाधिकारी एसडीओ ने मामले का संज्ञान लिया और मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि निर्माण कार्य के चलते सड़क का एक बड़ा हिस्सा अवरुद्ध है, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और आम जनता को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।मौके पर उपस्थित अभियंता को एसडीओ द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था किसी भी हाल में बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए निर्माण सामग्री को व्यवस्थित ढंग से रखने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।इसके साथ ही निर्माण स्थल के आसपास सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे और शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।प्रशासन की ओर से कहा गया है कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि निर्माण कार्य के साथ साथ आम जनता को होने वाली परेशानियों को न्यूनतम किया जा सके।