गिरिडीह नगर पंचायत निर्वाचन के मद्देनज़र गिरिडीह जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधीक्षक उत्पाद गिरिडीह के निर्देशानुसार गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने तिसरी थाना क्षेत्र के खीरोद एवं गुमगी गांव में छापेमारी की।यह छापेमारी अभियान उत्पाद निरीक्षक रवि रंजन कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 1450 किलोग्राम जावा महुआ और 210 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त कर उसे मौके पर ही विनष्ट किया गया।इसके साथ ही अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरण भट्ठी जावा महुआ एवं अन्य सामग्री को भी भारी मात्रा में नष्ट किया गया। उत्पाद विभाग ने इस मामले में अवैध चुलाई शराब कारोबार से जुड़े दो अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है हालांकि दोनों आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।उत्पाद विभाग के निरीक्षक रवि रंजन कुमार ने बताया कि चुनाव के दौरान अवैध शराब का वितरण रोकने के लिए इस तरह की छापेमारी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध शराब के धंधे में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।इस छापेमारी अभियान में जिला बल एवं गृह रक्षक जवानों का भी सहयोग लिया गया। प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि नगर पंचायत चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।