धनबाद पुलिस ने बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 297/2025 एवं कांड संख्या 11/2026 में फरार चल रहे कुख्यात अपराधकर्मी किशन खान उर्फ तसलीम खान को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुर्मीडीह गांव का निवासी है और लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था।शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रांची में छापेमारी कर किशन खान को गिरफ्तार किया और उसे बरवाअड्डा थाना लाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने दोनों मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि वह कुख्यात अपराधी प्रिन्स खान के लिए काम करता था। वह गिरोह के सदस्यों को रंगदारी वसूली के लिए व्यवसायियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराता था अपराधियों को आश्रय देता था उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान करता था और रंगदारी से अर्जित अवैध रकम को जमीन और अन्य व्यवसायों में निवेश करता था।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी तेज कर दी है। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है जिसकी जांच की जा रही है।सिटी एसपी ने बताया कि किशन खान का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ बरवाअड्डा थाना में कई गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं, जिनमें वर्ष 2025 और 2026 के संगीन कांड शामिल हैं।धनबाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों और संगठित गिरोह के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और प्रिन्स खान गिरोह के अन्य सदस्यों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।