बोकारो बच्चा चोरी अफवाह साधुओं से मारपीट चास
बोकारो जिले के चास थाना अंतर्गत
बांसीडीह गांव में बच्चा चोरी की अफवाह के चलते बड़ा हंगामा खड़ा हो गया। भिक्षा
मांगने के उद्देश्य से यूपी नंबर की गाड़ी से पहुंचे पांच साधुओं को ग्रामीणों ने
बच्चा चोर समझकर जमकर पीट दिया।बताया जा रहा है कि पांचों साधु इलाके में घूम रहे
थे तभी ग्रामीणों को उन पर शक हुआ। अफवाह के प्रभाव में आकर लोगों
ने बिना किसी पुष्टि के उन्हें बच्चा चोर बताना शुरू कर दिया और देखते ही देखते
भीड़ ने मारपीट शुरू कर दी।घटना की सूचना मिलते ही चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची
और बड़ी मशक्कत के बाद भीड़ से साधुओं को सुरक्षित निकालकर थाना ले आई। फिलहाल सभी
पांचों साधुओं से पूछताछ की जा रही है।चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि
पूछताछ और जांच के दौरान साधुओं के पास से बच्चा चोरी से जुड़ा कोई भी प्रमाण नहीं
मिला है। सभी साधु उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और भिक्षा मांगने के उद्देश्य से
इस क्षेत्र में आए थे।एसडीपीओ ने कहा कि क्षेत्र में फैली बच्चा चोरी की अफवाह के
कारण ग्रामीणों ने संदेह के आधार पर यह कदम उठाया जो पूरी तरह गलत है।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।डीएसपी
ने आम लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। यदि कहीं कोई संदिग्ध
स्थिति नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। बिना जांच पड़ताल किसी पर आरोप लगाकर मारपीट करना गंभीर अपराध है।उन्होंने
यह भी कहा कि यदि मारपीट को लेकर पीड़ितों की ओर से आवेदन प्राप्त होता है तो दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई निश्चित रूप से की जाएगी।














