जामताड़ा कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में एक पारिवारिक विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया जहां बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और शादी का घर मातम में बदल गया है।मृतक की पहचान गोविंद राय 58 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि 3 तारीख को उनकी बेटी की शादी धूमधाम से हुई थी। 4 तारीख को बेटी की विदाई के बाद 5 मई को घर में मेहमानों के स्वागत और भोजन की तैयारी चल रही थी।इसी दौरान किसी बात को लेकर गोविंद राय और उनके बेटे ललित राय के बीच विवाद शुरू हो गया। परिजनों ने बीच बचाव कर मामला शांत करा दिया था लेकिन कुछ देर बाद फिर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया।देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और आरोप है कि बेटे ललित राय ने अपने पिता पर हमला कर दिया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के समय घर में मौजूद बहू ने शोर मचाया जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही करमाटांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पुत्र ललित राय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जिस घर में कुछ दिन पहले शादी की खुशियां थीं वहां अब मातम पसरा हुआ है।