सरायकेला जिले के हाथीसेरंग गांव में जच्चा बच्चा की मौत
सरायकेला जिले के
राजनगर प्रखंड अंतर्गत हेरमा पंचायत के हाथीसेरंग गांव में जच्चा बच्चा की मौत के बाद प्रशासनिक हलचल तेज
हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को सिंहभूम सांसद जोबा माझी और
जिला उपायुक्त नितीश कुमार सिंह गांव पहुंचे।अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से
मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।प्रशासन की ओर
से बताया गया कि पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता के रूप में ₹20,000 की राशि और ₹4 लाख का मुआवजा चेक पहले ही उपलब्ध करा
दिया गया है। अधिकारियों ने मौके पर इसकी पुष्टि भी की।सांसद जोबा माझी ने कहा कि
पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
सुनिश्चित की जाएगी।वहीं उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के
बाद आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाए जाएंगे।प्रशासनिक टीम ने गांव की स्वास्थ्य सेवाओं
का निरीक्षण किया और प्रसव के दौरान हुई कथित लापरवाही के विभिन्न पहलुओं की
जानकारी जुटाई।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य
सेवाओं को मजबूत करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग उठाई है।















