गिरिडीह जिले में शाहिना प्रवीण की निर्मम हत्या कर शव जलाकर जंगल में फेंकने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल मृतका के पति सास समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के पीछे की वजह सामने आई है कि मृतका का पति जाबिर अंसारी पहली पत्नी को रास्ते से हटाकर दूसरी शादी करना चाहता था।पुलिस के अनुसार, यह मामला 30 जनवरी की सुबह सामने आया था जब बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कारीपहाड़ी जंगल में एक अज्ञात महिला का अर्धजला शव बरामद किया गया था। सूचना मिलते ही गिरिडीह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सरिया बगोदर एसडीपीओ धनंजय कुमार राम के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम SIT का गठन किया। जांच के दौरान एफएसएल टीम श्वान दस्ता फिंगर प्रिंट यूनिट और तकनीकी शाखा को घटनास्थल पर भेजा गया।जांच के क्रम में डुमरी थाना क्षेत्र से 20 जनवरी को लापता महिला शाहिना प्रवीण की जानकारी सामने आई। परिजनों को घटनास्थल पर बुलाकर शव की पहचान कराई गई। अर्धजले कपड़े, चूड़ियां शरीर पर मौजूद पुराने निशानों के आधार पर मृतका की पहचान शाहिना प्रवीण पति-जाबिर अंसारी निवासी चिनो डुमरी के रूप में की गई।मृतका के पिता ताहुल अंसारी के आवेदन पर बगोदर थाना कांड संख्या 20/26 दिनांक 30.01.2026 धारा 103(1)/238/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।एसआईटी द्वारा की गई छापेमारी में मृतका के पति जाबिर अंसारी सास जैबुन निशा वकील अंसारी उर्फ रॉकी, गुड्डू अली और सराफत अंसारी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि शाहिना प्रवीण को कारीपहाड़ी जंगल ले जाकर हत्या की गई और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जला दिया गया।पुलिस ने इस मामले में दो मोटरसाइकिल पांच मोबाइल फोन मृतका के कपड़े टूटी चूड़ियां टूटा क्लिप माचिस बोतल और एक जूट का बोरा बरामद किया है। जांच में यह भी सामने आया है कि इस वारदात में दो नाबालिग लड़के भी शामिल थे जिनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।गिरिडीह के एसपी डॉ. बिमल कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि मृतका के पति जाबिर अंसारी ने स्वीकार किया है कि वह शाहिना की हत्या कर दूसरी लड़की से शादी करना चाहता था। इस जघन्य अपराध में शामिल सभी वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।