रामगढ़ शहर में नगरपालिका चुनाव को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में उत्पाद विभाग द्वारा की गई व्यापक कार्रवाई में अवैध शराब की भट्ठियों को विनष्ट करते हुए भारी मात्रा में जावा महुआ और महुआ शराब बरामद की गई है।जिला निर्वाचन पदाधिकारी नगर पालिका सह उपायुक्त रामगढ़ श्री फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश के आलोक में सहायक आयुक्त उत्पाद श्री अरविन्द कुजूर के आदेशानुसार उत्पाद विभाग रामगढ़ द्वारा रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कांकेबार गोसा रानी बागी सहित अन्य स्थानों पर सघन एवं व्यापक छापामारी अभियान चलाया गया।छापेमारी के दौरान कई अवैध शराब भट्ठियों को मौके पर ही नष्ट किया गया। इस कार्रवाई में करीब 500 किलोग्राम जावा महुआ एवं 40 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। साथ ही कांकेबार निवासी राहुल कुमार को गिरफ्तार किया गया है।उत्पाद विभाग द्वारा बताया गया कि अन्य फरार अभियुक्तों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की धारा 47(a) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस छापामारी अभियान का नेतृत्व अवर निरीक्षक उत्पाद कांग्रेश कुमार ने किया जिसमें अधीनस्थ उत्पाद बल एवं प्रतिनियुक्त गृहरक्षक जवानों का सहयोग रहा।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।