लोहरदगा नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर लोहरदगा में आरक्षित सीट पर नियमों के पालन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। गुरुवार शाम आदिवासी समन्वय समिति के अध्यक्ष अरविंद उरांव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए नगर परिषद अध्यक्ष पद की उम्मीदवार आरती कुमारी के नामांकन की जांच कर उसे रद्द करने की मांग की।समिति का कहना है कि लोहरदगा नगर परिषद अध्यक्ष पद अनुसूचित जनजाति ST के लिए आरक्षित है और ऐसे में संवैधानिक प्रावधानों के तहत नामांकन की सख्त जांच आवश्यक है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि उम्मीदवार द्वारा नामांकन पत्र में अपने वैवाहिक जीवन एवं ससुराल से संबंधित जानकारी को स्पष्ट रूप से प्रस्तुत नहीं किया गया है जो नियमों का उल्लंघन है।आदिवासी समन्वय समिति का तर्क है कि नामांकन प्रक्रिया में सभी आवश्यक जानकारियों का सही स्पष्ट और पारदर्शी उल्लेख अनिवार्य है ताकि चुनाव की निष्पक्षता और संवैधानिक मर्यादा बनी रहे।ज्ञापन में इलाहाबाद हाईकोर्ट के एक फैसले का हवाला देते हुए कहा गया है कि आरक्षित वर्ग से जुड़े मामलों में संवैधानिक अधिकारों और नियमों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए। समिति ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर नियमों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।इस दौरान समिति के अध्यक्ष अरविंद उरांव ने कहा कि लोहरदगा जिला पांचवीं अनुसूचित क्षेत्र के अंतर्गत आता है इसलिए आरक्षित पदों पर चुनाव को लेकर नियमों का पालन और भी अधिक जरूरी हो जाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन मामले की गंभीरता को समझते हुए उचित कदम उठाएगा।