रामगढ़ जिले के पतरातु एनटीपीसी बावनधारा क्षेत्र से लाखों रुपये मूल्य के तांबे के केबल की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पतरातु पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी के केबल के साथ दो आरोपियों को धर दबोचा है। इस संबंध में पतरातु थाना परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर जानकारी दी गई।पतरातु थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एनटीपीसी बावनधारा क्षेत्र से तांबे का केबल काटकर चोरी कर उसे ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को चोरी के केबल के साथ पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एहसान अंसारी निवासी रोचाप पतरातु और हिमांशु कुमार निवासी ओमेडंडा के रूप में हुई है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपियों ने एनटीपीसी बावनधारा क्षेत्र से तांबे का केबल काटकर चोरी की थी। चोरी किए गए केबल की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पतरातु थाना में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इंस्पेक्टर सतेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। एहसान अंसारी पूर्व में रंगदारी के मामले में जेल जा चुका है जबकि हिमांशु कुमार भी पहले चोरी के मामले में जेल जा चुका है।पुलिस का कहना है कि एनटीपीसी और औद्योगिक क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं पर सख्त नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।