सरायकेला जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर कपाली ओपी क्षेत्र में की गई छापेमारी में भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया। एसपी निधि द्विवेदी ने प्रेस वार्ता में बताया कि 6 मई को गुप्त सूचना मिली थी कि कपाली ओपी क्षेत्र के बंधुगोड़ा स्थित इम्तियाज खान के मकान में नशे का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 82.80 ग्राम ब्राउन शुगर की कुल 679 पुड़िया बरामद की। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 16.50 लाख रुपये बताई जा रही है। मौके से महाराज अली असगर अली और शबनम प्रवीन को गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में पता चला कि तीनों आरोपी किराएदार बनकर मकान में रह रहे थे और वहीं से नशे का नेटवर्क संचालित कर रहे थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी महाराज अली पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और वह आरआईटी थाना के एक मामले में वांछित था। सभी आरोपियों की बायोमेट्रिक जांच और फिंगरप्रिंटिंग की प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सरायकेला पुलिस अब इस गिरोह के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है  ताकि नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और संभावित सफेदपोश नेटवर्क तक पहुंचा जा सके।