पलामू डीसी का एमएमसीएच निरीक्षण
पलामू उपायुक्त सह
जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने गुरुवार को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज
एंड हॉस्पिटल एमएमसीएच का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल
परिसर में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं और ओपीडी वार्डों का गहन अवलोकन किया।निरीक्षण
की शुरुआत इमरजेंसी वार्ड से हुई जहां उपायुक्त ने मरीजों और उनके
परिजनों से अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने
वार्डों में अनावश्यक रूप से मौजूद लोगों को फटकार भी लगाई।डीसी ने प्रत्येक वार्ड
में उपलब्ध सुविधाओं मैनपावर की स्थिति और चिकित्सा सेवाओं का जायजा लेते हुए
अस्पताल कर्मियों को कार्यशैली में सुधार और निर्धारित समय तक ड्यूटी करने का
निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पाया कि ओपीडी वार्ड के कई शौचालयों
के दरवाजे टूटे हुए हैं और सफाई व्यवस्था बेहद खराब है। इस पर उन्होंने सफाई कार्य
देख रहे बालाजी कंपनी के सुपरवाइजर को निलंबित करने के निर्देश दिए।साथ ही अस्पताल
में साफ सफाई की मॉनिटरिंग नहीं करने को लेकर
एमएमसीएच अधीक्षक डॉ. अजय कुमार को शोकॉज जारी करने का निर्देश दिया गया।उपायुक्त
और उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन ने मेडिसिन सर्जरी ऑर्थो नेत्र ईएनटी दंत और चर्म रोग ओपीडी समेत कई विभागों
का निरीक्षण किया। उन्होंने रजिस्टर जांच कर यह देखा कि रोस्टर के अनुसार चिकित्सक
मौजूद हैं या नहीं।डीसी ने निर्देश दिया कि डॉक्टरों की ड्यूटी से संबंधित जानकारी
ओपीडी के बाहर चस्पा की जाए ताकि मरीजों को जानकारी मिल सके।उपायुक्त ने चेतावनी
दी कि यदि बिना वैध कारण मरीजों को रेफर किया गया तो संबंधित चिकित्सकों के खिलाफ
सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मरीजों के साथ सीमित
संख्या में ही अटेंडेंट रहें ताकि चिकित्सा कार्य प्रभावित न हो।














