गिरिडीह शहर के टावर चौक पर गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की जिला समिति द्वारा बढ़ती महंगाई और रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने की जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। धरना के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वक्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई और गैस सिलेंडर की कीमतों ने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की परेशानी बढ़ा दी है। नेताओं ने कहा कि रसोई गैस की बढ़ती कीमतों का सबसे ज्यादा असर महिलाओं और छोटे परिवारों पर पड़ रहा है। झामुमो नेताओं ने सरकार से गैस सिलेंडर की कीमतों में तत्काल कमी करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई के कारण आम लोगों का जीवन कठिन होता जा रहा है लेकिन सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। धरना के दौरान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया और गैस सिलेंडर की कीमतें कम नहीं की गईं  तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। धरना में प्रमिला मेहरा  सुमित कुमार  केदार हाजरा  महालाल सोरेन  शाहनवाज अंसारी  अजीत कुमार पप्पू  प्रणव वर्मा  रॉकी सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।