हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल SMBCH में डिलीवरी के बाद अवैध वसूली का गंभीर आरोप सामने आया है। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुजीत नागवाला ने अस्पताल कर्मियों पर नवजात बच्ची के पिता से नजराना मांगने का आरोप लगाते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पर सवाल खड़े किए हैं।जानकारी के अनुसार पदमा थाना क्षेत्र के डोनाय कला निवासी ज्योति कुमारी को डिलीवरी के लिए सदर अस्पताल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने ऑपरेशन की आवश्यकता बताते हुए उन्हें गायनी वार्ड में भर्ती किया।कांग्रेस नेता सुजीत नागवाला ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन के बाद बच्ची के जन्म पर ओटी असिस्टेंट विभा सिंह ने नवजात के पिता से पैसे की मांग की। पिता द्वारा ₹500 देने की कोशिश करने पर कथित तौर पर ₹700 की मांग की गई।सुजीत नागवाला ने कहा कि इस तरह की घटनाएं मेडिकल कॉलेज में लगातार हो रही हैं और इससे सरकार व स्वास्थ्य विभाग की छवि खराब हो रही है। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी उपायुक्त मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के माध्यम से दी गई है।उन्होंने आरोप लगाया कि गायनी वार्ड में लंबे समय से अवैध वसूली की शिकायतें मिलती रही हैं लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।कांग्रेस नेता ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करेंगे।हालांकि अस्पताल प्रशासन की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।