रामगढ़ जिले के भदानीनगर ओपी क्षेत्र स्थित चकोर बस्ती में बुधवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई जहां पारिवारिक विवाद का असर सीधे बच्चों की पढ़ाई पर पड़ा।ज्ञान ज्योति स्कूल के गेट पर ताला जड़ दिए जाने के कारण लगभग 550 छात्र स्कूल में प्रवेश नहीं कर सके और उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा।विद्यालय संचालक धनुकधारी महतो ने बताया कि पांच भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन विवाद चल रहा है। कई बैठकों के बावजूद विवाद का समाधान नहीं हो पाया।उनका आरोप है कि उनके चौथे नंबर के भाई रिटायर्ड फौजी निरंजन महतो ने बुधवार सुबह स्कूल खुलने के समय गेट पर ताला लगा दिया।वहीं ताला लगाने वाले निरंजन महतो का कहना है कि जब तक जमीन का बंटवारा नहीं होगा तब तक स्कूल नहीं चलने दिया जाएगा।घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि पारिवारिक विवाद में बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर जल्द समाधान निकालने और स्कूल को सुचारू रूप से चालू कराने की मांग की है।