हजारीबाग शहर के मालवीय मार्ग स्थित राणी सती मंदिर में 28वें स्थापना दिवस के अवसर पर दो दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजन का शुभारंभ हुआ। इस खास मौके पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।कार्यक्रम के पहले दिन बुधवार को भव्य मंगल पाठ का आयोजन किया गया। इस दौरान धनबाद के प्रसिद्ध भजन गायक नीरज सांवरिया ने अपनी मधुर भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। मंदिर परिसर देर रात तक भक्ति और संगीत से गूंजता रहा।गुरुवार सुबह 5 बजे मंगला आरती के साथ दूसरे दिन के कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद पाटा पूजन दादी का अलौकिक श्रृंगार भव्य दर्शन और प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।आयोजन का मुख्य आकर्षण संध्या बेला में होने वाली भव्य महाआरती होगी, जिसमें 13 सुहागन महिलाएं श्रद्धा और परंपरा के साथ आरती करेंगी।स्थापना दिवस को लेकर मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है और पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।