हजारीबाग सदर थाना क्षेत्र के रामनगर की गलियों में ब्राउन शुगर का अवैध कारोबार एक बार फिर तेजी से फैलता नजर आ रहा है। गली नंबर 1, 2 और 3 में सुबह 7 बजे से देर रात तक खुलेआम नशे की खरीद बिक्री होने से स्थानीय लोग भय और आक्रोश में हैं।मोहल्ले वासियों का आरोप है कि कई बार मना करने के बावजूद असामाजिक तत्व अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। विरोध करने पर नशेड़ी धारदार हथियार दिखाकर लोगों को डराते-धमकाते हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार अर्धनिर्मित मकानों में नशे का यह कारोबार लंबे समय से चल रहा है। पुलिस को कई बार सूचना देने के बावजूद केवल औपचारिक कार्रवाई होती है। गश्ती वाहन के आते ही नशेड़ी भाग जाते हैं और थोड़ी देर बाद फिर से उसी स्थान पर सक्रिय हो जाते हैं।मोहल्ले के लोगों का कहना है कि इस कारण क्षेत्र में कई बार विवाद और अप्रिय घटनाएं भी हो चुकी हैं। इसके बावजूद स्थिति में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है।स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पुलिस सिविल ड्रेस में लगातार गश्त करे और इस अवैध नशे के कारोबार पर सख्ती से रोक लगाए ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बहाल हो सके।