धनबाद जिले में ट्रैफिक नियमों को सख्ती से लागू करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में गुरुवार को रणधीर बर्मा चौक पर विशेष जांच अभियान चलाया गया जहां नियमों का उल्लंघन करने वाले दर्जनों वाहनों के चालान काटे गए।अभियान का नेतृत्व ट्रैफिक डीएसपी अरविन्द कुमार सिंह कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वाहनों पर फैंसी स्टाइलिश या जातिसूचक नंबर प्लेट लगाना कानूनन अपराध है। मोटर वाहन अधिनियम के तहत केवल हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट HSRP ही वैध है।अभियान के दौरान एक कार से फैंसी नंबर प्लेट हटवाकर उसे नियमों के अनुसार बदलवाया गया।डीएसपी ने कहा कि जिले में हेलमेट को लेकर जागरूकता बढ़ी है और लगभग 99 प्रतिशत बाइक चालक हेलमेट का उपयोग कर रहे हैं। इसके बावजूद नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई जारी है।उन्होंने स्पष्ट किया कि अब बाइक पर पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। सड़क दुर्घटनाओं में अक्सर पीछे बैठा व्यक्ति अधिक गंभीर रूप से घायल होता है इसलिए दोनों सवारों की सुरक्षा जरूरी है।इसके अलावा ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ भी सख्त अभियान चलाया जा रहा है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर नजर रखने के लिए विशेष जांच और निगरानी बढ़ाई गई है।ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें फैंसी नंबर प्लेट का इस्तेमाल न करें और अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट अवश्य पहनें।