पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा जिला मुख्यालय जिले में अपराध नियंत्रण को मजबूत करने और ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिला अपराध नियंत्रण कक्ष से उपायुक्त रवि आनंद, पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता, एसडीओ अनंत कुमार एवं एसडीपीओ विकास आनंद लागोरी ने संयुक्त रूप से 18 अपाची पेट्रोलिंग बाइकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस मौके पर उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि इन आधुनिक पेट्रोलिंग बाइकों के माध्यम से पुलिस अब संकरी गलियों ग्रामीण क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी तेजी से पहुंच सकेगी। इससे अपराध पर नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई संभव होगी।उन्होंने बताया कि इससे पहले जिले को 14 चार पहिया पेट्रोलिंग वाहन भी उपलब्ध कराए गए थे जिससे पुलिस की गश्ती व्यवस्था मजबूत हुई है। अब इन बाइकों के जुड़ने से पुलिस की कार्यक्षमता और बढ़ेगी।वहीं पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने कहा कि इन बाइकों को प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों को सौंपा गया है जो 24 घंटे गश्त करेंगे और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करेंगे। उन्होंने आम लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील भी की।एसडीओ अनंत कुमार और एसडीपीओ विकास आनंद लागोरी ने कहा कि इस पहल से न केवल अपराध नियंत्रण में सुधार होगा बल्कि सड़क सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा।कार्यक्रम के दौरान प्रशासन और पुलिस के कई अधिकारी मौजूद रहे। यह पहल जिले में आधुनिक और तेज पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।