गढ़वा केतार कर्मी निलंबन मामला
गढ़वा केतार प्रखंड सह अंचल कार्यालय में अनुशासनहीनता के
गंभीर मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कर्मियों को तत्काल
प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिनेश यादव के निर्देश
पर की गई।निलंबित कर्मियों में राजेश कुमार राजस्व उप निरीक्षक नीरज कुमार सिंह जनसेवक और जितेंद्र उरांव अनुसेवक शामिल हैं।
इन पर आरोप है कि 9 अप्रैल 2026 को कार्यालय अवधि के दौरान शराब का सेवन कर ड्यूटी पर पहुंचे
और ग्रामीणों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया।इस मामले में रवि कुमार गुप्ता
द्वारा लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर कराई गई जांच में मेडिकल
रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों से आरोपों की पुष्टि हुई।जांच में पाया गया कि यह कृत्य
सरकारी सेवक आचार नियमावली 1976 का स्पष्ट उल्लंघन है। इसके बाद झारखंड सरकारी सेवक वर्गीकरण नियंत्रण एवं अपील नियमावली
2016 के तहत तीनों कर्मियों को निलंबित कर
उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।निलंबन अवधि के दौरान संबंधित कर्मियों को अपने-अपने
निर्धारित मुख्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। नियमानुसार उन्हें
जीवन निर्वाह भत्ता भी दिया जाएगा।उपायुक्त दिनेश यादव ने साफ कहा है कि सरकारी
कार्यों में लापरवाही अनुशासनहीनता और आमजन के साथ दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में
बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही दोषियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर
दी गई है।














