छतरपुर पलामू संतोष प्रसाद हत्याकांड में पलामू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब एक साल से फरार चल रहे आरोपी रजनीश कुमार उर्फ छोटे सिंह को पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को गुरुवार 23 अप्रैल 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।बताया गया कि यह घटना 29 अप्रैल 2024 की है, जब छतरपुर निवासी संतोष प्रसाद को गर्ल्स स्कूल के मुख्य गेट के पास अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल संतोष प्रसाद की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में छतरपुर थाना में कांड संख्या 74/24 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।पुलिस ने जांच के दौरान पहले ही दो आरोपियों आशुतोष कुमार सिंह उर्फ बुटा और रोशन कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उनके पास से हत्या में प्रयुक्त दो देशी कट्टे और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए थे।हालांकि मुख्य आरोपी रजनीश कुमार लगातार ठिकाना बदलकर पुलिस से बचता फिर रहा था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी सेल की मदद से उसे बिहार के रोहतास जिले से गिरफ्तार किया।इस छापेमारी दल का नेतृत्व पुअनि सुशील उरांव कर रहे थे, जिसमें सशस्त्र बल के जवान भी शामिल थे। पुलिस अब आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।