हजारीबाग चौपारण अमोली अपूर्वा उच्च विद्यालय मानगढ़ में बुधवार को एक दिलचस्प और अनोखी घटना सामने आई। पढ़ाई के दौरान अचानक एक बंदर क्लासरूम में घुस आया जिससे कुछ देर के लिए अफरा तफरी का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बंदर खिड़की के रास्ते कक्षा में आया। शुरुआत में बच्चे थोड़े घबरा गए लेकिन जब बंदर शांत नजर आया तो डर धीरे धीरे उत्सुकता में बदल गया।कक्षा में मौजूद शिक्षक ने स्थिति को संभालते हुए बच्चों को शांत रहने की सलाह दी। बंदर ने किसी भी तरह की शरारत या नुकसान नहीं किया और कुछ देर तक इधर उधर देखने के बाद खुद ही बाहर निकल गया।इस दौरान बच्चों के चेहरे पर उत्साह साफ झलक रहा था। जैसे ही बंदर बाहर गया, बच्चों के बीच हंसी मजाक और चर्चा शुरू हो गई। कई छात्रों ने इसे अपने जीवन का सबसे अलग और मजेदार अनुभव बताया।यह घटना कुछ देर के लिए पढ़ाई के माहौल को हल्का कर गई और बच्चों को एक यादगार पल दे गई। सच में उस दिन बंदर मामा ने स्कूल में आकर सबके चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी।