बेरमो बोकारो कथारा ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत असनापानी के पास दामोदर नदी घाट से अवैध बालू उठाव खुलेआम जारी है। दिनदहाड़े ट्रैक्टरों के माध्यम से बड़े पैमाने पर बालू की निकासी की जा रही है जो पूरे सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से यह अवैध कारोबार चल रहा है लेकिन प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही।हालांकि समय समय पर जिला प्रशासन और खनन विभाग द्वारा कार्रवाई की बात सामने आती है लेकिन वह महज खानापूर्ति तक सीमित नजर आती है। अक्सर एक-दो ट्रैक्टर पकड़कर कार्रवाई दिखा दी जाती है, जबकि असल में बड़े पैमाने पर तस्करी जारी रहती है।तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि दिन के उजाले में ही कई ट्रैक्टर अवैध बालू ढोते नजर आ रहे हैं। इससे यह सवाल उठता है कि आखिर इतनी बड़ी गतिविधि के बावजूद सख्ती क्यों नहीं हो रही।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए ठोस और निरंतर कार्रवाई की जाए ताकि पर्यावरण और सरकारी राजस्व को होने वाले नुकसान को रोका जा सके।