देवघर पालाजोरी सड़क भ्रष्टाचार
देवघर जिले के सारठ
विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पालाजोरी SH-15 से बाराटांड़ मोड़ तक बन रही सड़क अब भ्रष्टाचार और घटिया
निर्माण के आरोपों को लेकर विवादों में घिर गई है। लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से बन रही 25.594
किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य पर
ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं।ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में घटिया
सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। हालात यह हैं कि एक ओर सड़क बन रही है और
दूसरी ओर गिट्टियां उखड़ने लगी हैं।परियोजना में सबसे बड़ी लापरवाही सड़क के
बीचों-बीच खड़े बिजली के खंभों को लेकर सामने आई है। पूर्व कृषि मंत्री सह सारठ के
पूर्व विधायक रणधीर कुमार सिंह ने इसे बेहद खतरनाक बताते हुए कहा कि ये पोल यमराज साबित हो सकते हैं और
कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।पूर्व विधायक रणधीर सिंह ने पूरे मामले की
शिकायत मुख्यमंत्री से करते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप
लगाया कि विभागीय अधिकारियों और संवेदक की मिलीभगत से सरकारी धन का बंदरबांट किया
जा रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों के इंतजार के बाद सड़क निर्माण शुरू हुआ लेकिन खराब गुणवत्ता
ने लोगों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार
नहीं हुआ और सड़क से बिजली के पोल नहीं हटाए गए तो आंदोलन किया जाएगा।स्थानीय लोग
निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच दोषियों पर कार्रवाई और गुणवत्तापूर्ण
सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं।















