हजारीबाग के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पौता गांव स्थित दंदाहा नदी से सोमवार को तीन शव मिलने के बाद मामला गंभीर हो गया है। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई जिसके बाद मंगलवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी सदर अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की।अस्पताल पहुंचकर मंत्री ने तीनों शवों का निरीक्षण किया और सिविल सर्जन कार्यालय में परिजनों के साथ करीब आधे घंटे तक बातचीत कर घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।मंत्री ने मौके पर ही हजारीबाग एसपी को बुलाकर सख्त निर्देश दिए और कहा कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस को दो दिनों के भीतर निष्पक्ष जांच कर मामले का खुलासा करना होगा।मीडिया से बातचीत में मंत्री इरफान अंसारी ने कहा इस तरह की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। अगर लड़ाई करनी है तो जुबान से करो हथियार से नहीं। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी की।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है और प्रशासन ने जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है।