देवघर जिले के चितरा स्थित एसपी माइंस कोलियरी में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पूरे सम्मान और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि महाप्रबंधक मदन मोहन कुमार अभिकर्ता उमेश प्रसाद चौधरी एवं अन्य अधिकारियों द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद कोयला उद्योग में अपने प्राणों की आहुति देने वाले मजदूर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।कार्यक्रम के दौरान कोयला मंत्रालय द्वारा भेजा गया विशेष संदेश उपस्थित अधिकारियों जेसीसी सदस्यों और कर्मियों के बीच पढ़कर सुनाया गया जिसमें देश के निर्माण में श्रमिकों के योगदान की सराहना की गई। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने चितरा कोलियरी की वर्तमान उत्पादन स्थिति और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।भीषण गर्मी को देखते हुए प्रबंधन द्वारा श्रमिकों के लिए शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई गई। कोलियरी परिसर में RO आधारित पेयजल व्यवस्था का उद्घाटन महाप्रबंधक मदन मोहन कुमार और अभिकर्ता उमेश प्रसाद चौधरी द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर जीएम ने कहा कि श्रमिकों का स्वास्थ्य और उनकी बुनियादी सुविधाएं प्रबंधन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।इस गरिमामय कार्यक्रम में कोलियरी के विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी जेसीसी सदस्य और बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर कोलियरी की प्रगति और उत्पादन लक्ष्यों को हासिल करने का संकल्प लिया।