देवघर जिले के चितरा क्षेत्र में शुक्रवार को मजदूर दिवस के अवसर पर यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन कार्यालय में जोश और उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत यूनियन अध्यक्ष कामरेड केशव नारायण सिंह द्वारा विधिवत झंडोत्तोलन के साथ हुई।इससे पहले मजदूरों ने वर्कशॉप से एक विशाल रैली निकाली जो चितरा के विभिन्न चौक चौराहों से गुजरते हुए यूनियन कार्यालय पहुंची। रैली के दौरान मजदूर एकता जिंदाबाद जैसे गगनभेदी नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। खास बात यह रही कि इस रैली में महिला मजदूरों ने भी बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी मजबूत भागीदारी दर्ज कराई।यूनियन कार्यालय में आयोजित सभा के दौरान वक्ताओं ने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए चार श्रम कोड की कड़ी आलोचना की। नेताओं ने कहा कि ये नीतियां मजदूरों के हितों के खिलाफ हैं और देश का मजदूर वर्ग इसके खिलाफ निर्णायक संघर्ष के लिए तैयार है।सभा में समान काम के लिए समान वेतन निश्चित कार्य समय और मजदूरों की सामाजिक सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। नेताओं ने सभी मजदूरों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि जब तक मजदूर विरोधी नीतियां वापस नहीं ली जातीं आंदोलन जारी रहेगा।इस कार्यक्रम में यूनियन अध्यक्ष केशव नारायण सिंह सचिव पशुपति कोल सहित कई प्रमुख श्रमिक नेता और सैकड़ों मजदूर मौजूद रहे।