धनबाद जिले के निरसा चिरकुंडा क्षेत्र में हजारीबाग में पत्रकारों पर हुए हमले के विरोध में गुरुवार को पत्रकारों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। पत्रकारों ने चिरकुंडा के शहीद चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शन के दौरान इरफान अंसारी होश में आओ दोषियों को बर्खास्त करो और पत्रकारों पर हमला बंद करो जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। पत्रकारों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर शहीद चौक से पैदल मार्च निकाला और चिरकुंडा थाना पहुंचे।थाने पहुंचकर पत्रकारों ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा और घटना में शामिल दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान निरसा चिरकुंडा पत्रकार संघ के अध्यक्ष इंद्रदेव प्रसाद ने कहा कि पत्रकार पर हमला लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के संरक्षण में पत्रकारों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे और सभी ने एकजुट होकर प्रेस की स्वतंत्रता और सुरक्षा की मांग उठाई।