रानीश्वर प्रखंड परिसर में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
रानीश्वर दुमका में अंतर्राष्ट्रीय
योग दिवस के अवसर पर शनिवार को रानीश्वर प्रखंड परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का
आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) राजेश कुमार सिन्हा ने किया। योग
कार्यक्रम में प्रखंड कार्यालय एवं अंचल कार्यालय के पदाधिकारी-कर्मियों के अलावा कस्तूरबा
गांधी बालिका विद्यालय रानीश्वर
की वार्डन शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा छात्राओं ने
उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम
के दौरान विद्यालय की शारीरिक शिक्षिका सुहागिनी मरांडी ने प्रतिभागियों को
विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया। योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ
जीवनशैली अपनाने और नियमित योग करने का संदेश दिया गया। इस
वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की
थीम स्वस्थ आयु के लिए योग (Yoga for Healthy Ageing) रखी गई है। इसी थीम को ध्यान में रखते
हुए प्रतिभागियों को योग के महत्व और उसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी
दी गई। इस
अवसर पर BDO राजेश
कुमार सिन्हा ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को
योग के प्रति जागरूक करना और इसके लाभों से अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि योग
केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि
मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने का भी प्रभावी माध्यम है। उन्होंने
कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति का शारीरिक और मानसिक विकास होता है तथा जीवन
में अनुशासन और संतुलन बना रहता है। योग लोगों को आपस में जोड़ने का कार्य करता है
और समाज में प्रेम भाईचारे तथा सद्भाव की भावना को मजबूत
बनाता है। कार्यक्रम
में पंचायत समिति प्रमुख मार्शीला बास्की और अंचल अधिकारी सदा
नुसरत भी उपस्थित रहीं। सभी प्रतिभागियों ने योग को अपनी दैनिक
दिनचर्या का हिस्सा बनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। अंतर्राष्ट्रीय
योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने
और योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।














