हजारीबाग भारतीय नववर्ष विक्रम संवत 2083 के पावन अवसर पर संस्कार भारती हजारीबाग इकाई द्वारा झील परिसर प्रेस क्लब के सामने में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पण एवं भजनांजली का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग शामिल हुए।कार्यक्रम की शुरुआत उगते हुए सूर्य को मंत्रोच्चार के साथ अर्घ्य अर्पण कर की गई। उपस्थित लोगों ने भगवान भास्कर से समस्त विश्व के मंगल की कामना की। इस दौरान मनोज पाण्डेय ने विधिवत अर्घ्य अर्पण कराते हुए सभी से नव संवत्सर पर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।अर्घ्य अर्पण के पश्चात भजनांजली कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। संस्कार भारती की संगीत संयोजिका श्रीमती शोभा सिन्हा एवं उनके शिष्यों द्वारा ध्येय गीत साधयति संस्कार भारती की प्रस्तुति दी गई जिसके बाद सरस्वती वंदना भजन और चैता प्रस्तुत किए गए।संस्कार भारती के जिला अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध भजन गायक कुमार केशव ने भी अपने शिष्यों के साथ भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के दौरान हजारीबाग के महापौर अरविंद राणा की उपस्थिति रही जिन्होंने भक्ति भाव से अर्घ्य अर्पित कर भजनों का आनंद लिया।इस अवसर पर विनोबा भावे विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. सुबोध सिंह शिवगीत ने वर्ष प्रतिपदा के सनातन महत्व पर प्रकाश डालते हुए भारतीय कालगणना की प्राचीनता और वैज्ञानिकता को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि आज के दिन ही ब्रह्मा जी द्वारा सृष्टि की रचना हुई थी और इसी दिन से संवत्सर का प्रारंभ माना जाता है।कार्यक्रम के अंत में भारत माता की जय एवं धार्मिक जयघोष के साथ आयोजन संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में संस्कार भारती के कई पदाधिकारियों और सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।