हजारीबाग कोर्रा थाना क्षेत्र स्थित सिंदूर चौक के पास होटल यमुना पैलेस में पुलिस ने छापेमारी कर कथित अवैध गतिविधियों का खुलासा किया है। मामले में होटल मालिक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि होटल मालिक एवं संचालक दलालों के साथ मिलकर विभिन्न क्षेत्रों से युवतियों को बुलाकर होटल में अवैध गतिविधियां संचालित करा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सह पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर होटल में छापेमारी की गई।कार्रवाई के दौरान होटल के विभिन्न कमरों की तलाशी ली गई जहां से तीन युवक एवं दो युवतियों को बरामद किया गया। वहीं कमरे से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई।मामले में होटल मालिक रमेश्वर प्रसाद धर्मेंद्र चौधरी सोनू कुमार और आसिफ अंसारी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से छह मोबाइल फोन एक ब्लू कलर का आगंतुक रजिस्टर तथा अन्य सामग्री जब्त की है।इस संबंध में कोर्रा थाना कांड संख्या 82/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता BNS की विभिन्न धाराओं एवं अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम 1956 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो कंट्रोल रूम या डायल 112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।