उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के PANACEA हॉस्पिटल में बुधवार को उस समय अफरा तफरी मच गई  जब अस्पताल में लगे एयर कंडीशनर AC  में कथित तौर पर धमाका होने के बाद आग लग गई। हादसे में 14 लोगों के घायल होने की सूचना है  जबकि एक व्यक्ति की मौत की खबर भी सामने आई है। हालांकि प्रशासन ने अभी मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जानकारी के अनुसार AC फटने के बाद अस्पताल के ICU और आसपास के वार्डों में तेजी से धुआं फैल गया। धुएं के कारण मरीजों और अस्पताल स्टाफ को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। हालात बिगड़ते देख अस्पताल प्रशासन ने तत्काल मरीजों को बाहर निकाला और उन्हें दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने बताया कि घटनास्थल पर किसी के झुलसने या आग से सीधे घायल होने की जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि धुएं के कारण लोगों को परेशानी हुई  जिसके चलते उन्हें इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में भेजा गया। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही अस्पताल का सेफ्टी ऑडिट कराने और फायर सेफ्टी सिस्टम की जांच करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल मृतक की पहचान और मौत के वास्तविक कारणों को लेकर प्रशासन जांच में जुटा हुआ है।