हजारीबाग इन दिनों हजारीबाग का मौसम लोगों के लिए पहेली बन गया है। एक ही दिन में तीन अलग अलग मौसम का अनुभव लोगों को हैरान और परेशान कर रहा है। रात में ठंड का असर रहता है सुबह घना कुहासा छा जाता है और दोपहर होते होते तेज धूप और गर्मी लोगों को झुलसा रही है।पिछले तीन दिनों से चल रहे इस मौसम बदलाव का सीधा असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। अस्पतालों और क्लीनिकों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सर्दी खांसी बुखार और वायरल संक्रमण के मामलों में तेजी देखी जा रही है।डॉक्टरों का कहना है कि अचानक तापमान में उतार चढ़ाव और नमी के स्तर में बदलाव के कारण बीमारियां फैल रही हैं। खासकर बच्चे और बुजुर्ग इस मौसम से सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी ऐसा मौसम नहीं देखा जहां सुबह कुहासा और दोपहर में तेज गर्मी एक साथ देखने को मिले।मौसम के इस बदलाव ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है और अगर यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में बीमारियों का खतरा और बढ़ सकता है। फिलहाल लोग इस अनोखे मौसम ड्रामा से जूझ रहे हैं।