देवघर बाबा मंदिर विवाद धरना
देवघर से बड़ी खबर है बाबा मंदिर की व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन और तीर्थ
पुरोहितों के बीच विवाद एक बार फिर खुलकर सामने आ गया है। इसी कड़ी में आज सिंह
द्वार के समीप एक तीर्थ पुरोहित ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ
नाराजगी जाहिर की।धरना पर बैठे तीर्थ पुरोहित का कहना है
कि वर्षों से मंदिर में तीर्थ पुरोहित और जिला प्रशासन मिलकर श्रद्धालुओं को सुगम
और सुलभ दर्शन कराते आए हैं। लेकिन हाल के दिनों में प्रशासन द्वारा उनके कार्यों
में अनावश्यक हस्तक्षेप किया जा रहा है,
जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं
है।पुरोहितों ने कहा कि संकल्प और पूजा पद्धति
से जुड़े निर्णय उनका पारंपरिक अधिकार है। ऐसे में प्रशासन को इन मामलों में दखल
नहीं देना चाहिए। आरोप है कि नियमों के नाम पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है और
मंदिर व्यवस्था में एकतरफा बदलाव किए जा रहे हैं।हालांकि पुरोहितों ने स्पष्ट किया कि
उनका उद्देश्य टकराव नहीं
बल्कि व्यवस्था को बेहतर बनाना है।
उन्होंने जिला प्रशासन से समन्वय के साथ काम करने और पारंपरिक व्यवस्था का सम्मान
करने की मांग की है।पुरोहितों ने चेतावनी दी है कि यदि आने वाले चार दिनों के भीतर
उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई
तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
फिलहाल इस मुद्दे को लेकर देवघर में माहौल गर्म होता नजर आ रहा है।















