सराईकेला चांगुआ में हरि मंदिर प्राण प्रतिष्ठा
सराईकेला राजनगर प्रखंड के चांगुआ गांव में श्री श्री सार्वजनिक हरि नाम
संकीर्तन समिति चांगुआ के तत्वावधान में मंगलवार को हरि मंदिर की प्राण
प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर 251 महिलाओं ने श्रद्धा
और भक्ति के साथ कलश यात्रा में भाग लिया
जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में
सराबोर हो गया।कलश यात्रा हरि मंदिर परिसर से गाजे-बाजे के साथ खरकई नदी घाट और
मुरुमडीह तक पहुँची जहाँ पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में पवित्र जल
भरवाया। इसके बाद श्रद्धालु हरिनाम संकीर्तन करते हुए गांव भ्रमण कर पुनः मंदिर
परिसर पहुंचे।मंदिर परिसर में विधिवत वैदिक मंत्रों के साथ 251 कलश स्थापित कर हरि
मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई। पूरे आयोजन के दौरान हरिनाम संकीर्तन की
ध्वनि से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम के उपरांत समिति द्वारा सभी
श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।समिति ने जानकारी दी कि चैत
पूर्णिमा के अवसर पर अष्टम पहर अखंड हरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा जिसमें क्षेत्र के विभिन्न संकीर्तन मंडलियों की सहभागिता
होगी।कार्यक्रम को सफल बनाने में कमेटी के अध्यक्ष अश्विनी महतो सचिव गोल्डी महतो
कोषाध्यक्ष सोनेलाल महतो ग्राम प्रधान रवि महतो
मुख्य संचालक जवाहरलाल महतो सहित अन्य
ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा।














