दुमका जिले के नगर पंचायत बासुकीनाथ के विभिन्न वार्डों में इन दिनों कचरे का अंबार लग गया है। कचरा उठाव नहीं होने के कारण नगर पंचायत क्षेत्र में गंदगी फैल रही है जिससे महामारी फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।नगर पंचायत के 12 वार्डों में कचरा उठाव की समस्या गंभीर हो गई है। स्थानीय युवाओं का कहना है कि नियमित सफाई नहीं होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। स्थानीय युवक मुकेश ने बताया कि सफाई व्यवस्था सही से नहीं हो रही है, जिस कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। वहीं रोहन ने कहा कि यदि रोजाना सफाई हो तो जल्द ही समस्या का समाधान हो सकता है। प्रणव कुमार ने बताया कि वार्ड में कई समस्याएं हैं, जिनमें सबसे बड़ी समस्या सफाई की है।इस मामले में नगर पंचायत अध्यक्ष बीना देवी ने बताया कि जहां कचरा डंप किया जा रहा थ वहां लाल झंडा लगा दिया गया है यानी अब वहां कचरा डंप नहीं किया जा रहा है। ऐसे में नगर पंचायत वैकल्पिक व्यवस्था करने में जुटी हुई है।वार्ड पार्षद केशव गुप्ता ने बताया कि यह समस्या किसी एक वार्ड की नहीं बल्कि पूरे नगर पंचायत क्षेत्र की है और जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।बताया जा रहा है कि नगर पंचायत बासुकीनाथ ने जरमुंडी प्रखंड के धरमपुर में कचरा डंपिंग पॉइंट बनाने के लिए जमीन चिन्हित की है लेकिन स्थानीय लोग इसका विरोध कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि कचरा डंपिंग पॉइंट बनने से मच्छर और बीमारी फैलने का खतरा बढ़ जाएगा।फिलहाल पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में कचरा जमा रहने से बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है और लोग जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था शुरू करने की मांग कर रहे हैं।