कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोडरमा घाटी के मेघातरी स्थित पैरी माइंस के समीप मंगलवार सुबह सड़क किनारे जंगल में एक अज्ञात महिला का अर्धनग्न अवस्था में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है।जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह कुछ ग्रामीण सड़क किनारे टहल रहे थे तभी उनकी नजर प्लास्टिक के बोरे पर पड़ी। जब वे लोग पास गए तो देखा कि बोरे के बाहर एक महिला का पैर निकला हुआ है। इसके बाद ग्रामीणों ने आसपास के लोगों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही कोडरमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।बताया जाता है कि करीब एक महीने पहले भी जे जे कॉलेज के सामने होली फैमिली अस्पताल के बाउंड्री के अंदर इसी तरह अर्धनग्न अवस्था में एक महिला का क्षत विक्षत शव मिला था जिसकी पहचान आज तक नहीं हो सकी है। लगातार दूसरी घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस के सामने इस मामले का खुलासा करना बड़ी चुनौती बन गया है।