ज्ञान ज्योति स्कूल ताला खुला
रामगढ़ जिले के भदानी
नगर ओपी क्षेत्र अंतर्गत चिकोर बस्ती स्थित ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल में पांच
भाइयों के आपसी जमीन विवाद का असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ गया। विवाद के कारण
स्कूल खुलने के समय एक भाई ने मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया जिससे
स्कूल पहुंचे बच्चे और अभिभावक काफी देर तक बाहर खड़े रहे। मुख्य गेट बंद होने के कारण कई बच्चे मायूस होकर वापस घर लौट
गए। घटना की सूचना मिलने पर भदानी नगर ओपी प्रभारी मोहम्मद अख्तर अली ने मामले का
संज्ञान लिया और तत्काल पतरातू अंचलाधिकारी को जानकारी दी। इसके बाद पतरातू अंचलाधिकारी मनोज चौरसिया सर्किल इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार और
ओपी प्रभारी मोहम्मद अख्तर अली मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन और
विवाद कर रहे भाई से बातचीत कर मामले को शांत कराया। अंचलाधिकारी मनोज चौरसिया ने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति
में स्कूल जैसे शिक्षा के मंदिर को बंद नहीं किया जा सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि
यदि भविष्य में दोबारा इस तरह की घटना हुई तो संबंधित लोगों के खिलाफ प्रशासनिक
कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद स्कूल का ताला खुलवाया गया और पढ़ाई
फिर से शुरू कराई गई।














