रामगढ़ जिले के भुरकुंडा सयाल पोड़ा गेट क्षेत्र में पानी पाइप चोरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भुरकुंडा पुलिस ने चोरी के पाइप को ट्रक में लोड कर ले जाते समय एक आरोपी चालक को वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया। भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने छापेमारी कर राजस्थान निवासी चालक सह वाहन मालिक कप्तान सिंह को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी भरतपुर जिले के नेडवे  मिलकीपोड़ा क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस ने Eicher  ट्रक संख्या UP85DT0614 को भी जब्त किया, जिसमें चोरी किए गए पानी के पाइप लोड थे। पुलिस के अनुसार आरोपी चालक उत्तर प्रदेश से बर्तन लेकर हजारीबाग गया था। वहां सामान खाली करने के बाद लौटने के दौरान सयाल पोड़ा गेट के पास कुछ लोगों के झांसे में आकर उसने अपने वाहन में पाइप लोड कर लिया। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि वाहन पर पाइप लोड कराने वाला मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार चालक कप्तान सिंह को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।